MLA Anant Singh ने फिर पुलिस को दी चुनौती, बताया कोर्ट में कब करेंगे सरेंडर

बिहार पुलिस ‘किसी भी कीमत पर’ बाहुबली विधायक अनंत सिंह को गिरफ्तार करने की कोशिश में है। लेकिन अनंत सिंह ने एक और वीडियो जारी कर कहा है कि वे पुलिस के सामने ‘किसी भी कीमत पर’ सरेंडर नहीं करेंगे। वीडियों में उन्होंने पुलिस पर साजिश करने का आरोप ल्रगाते हुए कहा कि वे कोर्ट में सरेंडर करेंगे। अनंत ने इशारों में यह भी स्पष्ट कर दिया कि वे कोर्ट में सरेंडर भी तीन दिन बाद ही करेंगे।
विदित हो कि अनंत सिंह इन दिनों फरार चल रहे हैं। बीते सप्ताह बाढ़ के लदमा स्थित उनके घर पर छापेमारी के दौरान पुलिस को एके 47, दो हैंड ग्रेनेड एवं 27 कारतूस मिले थे। पुलिस उन्हें इस मामले में खोज रही है।
उनपर एक कुख्यात को आश्रय देने का भी आरोप है। उनकी एक आतंकी संग तस्वीर भी वायरल हो गई है। इन मामलों में दर्ज एफआइआर में यूएपीए सहित कई संगीन धाराएं लगाईं गईं हैं।
चकमा देकर हो गए फरार, लगातार जारी कर रहे वीडियो
घर से हथियारों की बरामदगी के बाद अनंत सिंह की गिरफ्तारी तय मानी जा रही थी। लेकिन इसमें विलंब का फायदा उठाते हुए वे आश्चर्यजनक तरीके से पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए। फिलहाल वे कहां हैं, पुलिस को इसका पता नहीं, लेकिन उनकी पुलिस गतिविधियों पर नजर है। अनंत सिंह के सहयोगी रणवीर यादव ने पुलिस की पूछताछ के दौरान बताया था कि अनंत सिंह राउटर के जरिये इंटरनेट से अपने खास लोगों से बात करते हैं।
इस दौरान उन्होंने अब तक तीन वीडियो जारी किए हैं। अपने पहले के वीडियो में अनंत सिंह ने कहा था कि वे जल्दी ही सरेंडर कर देंगे। उन्होंने खुद को फरार मानने से भी इनकार किया था। अनंत सिंह ने अपना तीसरा वीडियो गुरुवार को जारी किया।
कुर्की कर कोशिश के बीच फिर जारी किया वीडियो
इस बीच अनंत सिंह को खोजती पुलिस ने अब कुर्की जब्ती कर कार्रवाई की कोशिश शुरू कर दी है। अनंत सिंह और उनके दो सहयोगियों लल्लू मुखिया व रणवीर यादव के खिलाफ गिरफ्तारी का वारंट जारी कर दिया है। साथ ही बाढ़ कोर्ट के आदेश पर कुर्की का वारंट भी जारी किया गया है। लेकिन इससे बेपरवाह अनंत सिंह ने तीसरे वीडियाे में पुलिस के सामने सरेंडर करने से इनकार किया है। उन्होंने कहा है कि वे कोर्ट का सम्मान करते हैं और कोर्ट में ही सरेंडर करेंगे। वीडियो में उन्होंने ललन सिंह व आइपीएस लिपि सिंह पर साजिश का आरोप भी लगाया।
कानूनी सलाहकारों ने दी जल्दी सरेंडर की सलाह
कहा जा रहा है कि अनंत सिंह को उनके कानूनी सलाहकारों ने जल्दी सरेंडर की सलाह दी है। लेकिन अगले तीन दिनों तक कोर्ट में अवकाश के कारण माना जा रहा है कि वे तीन दिनों बाद ही सरेंडर करेंगे। इस बीच पुलिस उनकी खोज में लगातार छापेमारी कर रही है।